देहरादून।उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कमर कस ली है। प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा की अध्यक्षता में आज पार्टी मुख्यालय में आयोजित वरिष्ठ नेताओं की बैठक में चुनाव रणनीति पर गहन मंथन हुआ। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन व प्रशासन) सूर्यकांत धस्माना जैसे दिग्गज नेता उपस्थित रहे।
बैठक के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी ने पंचायत चुनावों को अत्यंत गंभीरता से लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सदस्य से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक के सभी पदों पर मजबूत उम्मीदवार उतारे जाएंगे और पार्टी कार्यकर्ता व नेता पूरी ताकत से उनके लिए काम करेंगे।
भाजपा पर बेईमानी और असंवैधानिक तरीकों का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने भाजपा पर पंचायत चुनावों की शुरुआत ही “बेईमानी” से करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंचायतों का आरक्षण रोस्टर जिस प्रकार से शून्य किया गया है, वह असंवैधानिक और पंचायत राज अधिनियम का उल्लंघन है। माहरा ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्य, क्षेत्र पंचायत प्रमुख व सदस्य, तथा ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के आरक्षण का आधार अलग-अलग रखा गया है, जो पूर्णतः नियम विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव दो चरणों में कराया जाना यह साबित करता है कि भाजपा हार के डर से फर्जी वोट डलवाने, बाहुबल और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव जीतना चाहती है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी से अपने समर्थित उम्मीदवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आह्वान किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पार्टी को सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी, साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि ग्रामीण जनता भाजपा को सबक सिखाना चाहती है, जिसका लाभ कांग्रेस को मिलेगा। पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पौड़ी जिले में आरक्षण में हुई धांधली का मुद्दा उठाया और कहा कि इस संबंध में कई मामले अब उच्च न्यायालय पहुंच गए हैं, जिनकी सुनवाई 24 जून को होनी है। हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस को अपनी पूरी तैयारी रखनी चाहिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी इस चुनाव में ग्राम पंचायत सदस्य से लेकर जिला पंचायत सदस्य और तत्पश्चात प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष तक के चुनावों में पूरी ताकत लगाएगी और कांग्रेस का परचम लहराया जाएगा। डॉ. हरक सिंह रावत ने सुझाव दिया कि पार्टी को जिला स्तर के अलावा विधानसभा व ब्लॉक स्तर पर भी वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी व समन्वयक बनाकर चुनाव लड़ रहे कार्यकर्ताओं को सहायता प्रदान करनी चाहिए।
कांग्रेस ने पंचायत चुनावों के लिए 12 जिला प्रभारी नियुक्त किए
पार्टी अध्यक्ष करण माहरा ने राज्य के चुनाव वाले सभी बारह जिलों के लिए जिला प्रभारी नियुक्त किए हैं:
- महेंद्र सिंह पाल (पूर्व सांसद) – चंपावत
- महेंद्र सिंह लूठी – बागेश्वर
- धीरेंद्र प्रताप – अल्मोड़ा
- भगीरथ भट्ट (प्रदेश उपाध्यक्ष) – पिथौरागढ़
- संजीव आर्या (पूर्व विधायक) – नैनीताल
- रणजीत सिंह रावत (पूर्व विधायक) – ऊधम सिंह नगर
- सूर्यकांत धस्माना (उपाध्यक्ष) – टिहरी
- मंत्री प्रसाद नैथानी (पूर्व मंत्री) – उत्तरकाशी
- विक्रम सिंह नेगी (विधायक) – रुद्रप्रयाग
- वीरेंद्र जाती (विधायक) – देहरादून
- प्रदीप थपलियाल – चमोली
- लखपत बुटोला (विधायक) – पौड़ी
श्री ललित फर्स्वाण इस अभियान में समन्वयक की भूमिका निभाएंगे।
श्री धस्माना ने बताया कि पार्टी विधानसभा स्तर पर भी चुनाव समन्वयक नियुक्त करेगी, जो जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों के साथ समन्वय बनाएंगे।