लीड्स,23 जून। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी दूसरी पारी में तीसरे दिन की समाप्ति तक 90/2 का स्कोर बनाया है। इसके साथ ही भारतीय टीम की कुल बढ़त 96 रन की हो गई है। स्टंप्स की घोषणा तक क्रीज पर फिलहाल केएल राहुल (47) और शुभमन गिल (6) बने हुए हैं। आइए तीसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
कल के स्कोर 209/3 से आगे खेलने उतरी इंग्लिश टीम को तीसरे दिन ओली पोप के रूप में झटका लगा। कल को शतक बनाकर नाबाद रहने वाले पोप आज 106 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद कप्तान बेन स्टोक्स (20) भी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। हालांकि, ब्रूक ने 99 रन बनाए और इंग्लैंड की पारी 465 रन पर सिमट गई। इंग्लिश टीम से जेमी स्मिथ ने भी 40 रन बनाए।
इंग्लैंड की पारी को ढेर करने में बुमराह का अहम योगदान रहा। बुमराह ने जैक क्रॉली (4) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला था। इसके बाद उन्होंने बेन डकेट (62) को अपना शिकार बनाया। भारतीय दिग्गज तेज गेंदबाज ने जो रूट (28), क्रिस वोक्स (38) और जोश टंग (11) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 24.4 ओवर में 83 रन देते हुए ये 5 सफलताएं हासिल की। उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट अपने नाम किए।
बुमराह अब सेना देशों में 150 विकेट चटकाने वाले पहले एशियाई गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्होंने 60 पारियों में यह कारनामा किया है। उन्होंने इस मामले में पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वसीम अकरम को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 55 पारियों में 146 विकेट चटकाए थे। बुमराह का यह विदेशों में कुल 12वां 5 विकेट हॉल रहा। वह विदेशों में सर्वाधिक 5 विकेट हॉल (संयुक्त रूप से) वाले भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने इस मामले में कपिल देव की बराबरी की।
इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान ऋषभ पंत ने 2 कैच लपके। इस बीच वह बतौर विकेटकीपर 150 कैच पकड़ने वाले तीसरे भारतीय बने। उनसे पहले महेंद्र सिंह धोनी (256) और सैयद किरमानी (160) ऐसा कर चुके थे।
दूसरी पारी में भारतीय टीम से पारी की शुरुआत करने आए यशस्वी जायसवाल ने निराश किया। वह सिर्फ 4 रन बनाकर ही आउट हो गए। उनकी पारी का अंत ब्रायडन कार्स ने किया। वहीं साई सुदर्शन ने 30 रन की पारी खेली। हालांकि, इस बीच केएल राहुल ने टिककर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 47 रन की पारी खेली। उनके साथ इस समय क्रीज पर गिल 6 रन बनाकर नाबाद हैं।
अपनी दूसरी पारी के दौरान राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने 1,000 टेस्ट रन पूरे किए। क्रिकइंफो के मुताबिक, राहुल अब इंग्लिश टीम के खिलाफ ये आंकड़ा छूने वाले 17वें भारतीय बल्लेबाज बने। इसके साथ-साथ इंग्लैंड पहला ऐसा देश है, जिसके खिलाफ राहुल ने टेस्ट में 1,000 रन पूरे किए हैं। इस टीम के खिलाफ उनका औसत लगभग 40 रहा है। इंग्लैंड के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 894 रन बनाए हुए हैं।