ऋषिकेश(आरएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि गंगा और यमुना भारतीय सभ्यता की आत्मा हैं। दिल्ली में यमुना को लेकर भाजपा सरकार गंभीर है। गंगा, यमुना समेत अन्य नदियों को स्वच्छ बनाने के लिए परमार्थ निकेतन जैसी संस्थाओं के साथ मिलकर जनचेतना को जनांदोलन में बदलना होगा। यह बातें उन्होंने रविवार को ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में कही। उन्होंने परमार्थ निकेतन की गंगा आरती में भी प्रतिभाग किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उत्तराखंड के शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनसिंह रावत के साथ परमार्थ निकेतन पहुंचीं। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जब तक हम यमुना को मां नहीं मानेंगे, तब तक हम उसकी रक्षा नहीं कर पाएंगे। श्रद्धा और सेवा का संगम ही समाधान है। हम यमुना को श्रद्धा, संरक्षण और सक्रिय भागीदारी के साथ अपनाएं। यमुना केवल दिल्ली की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सबकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर है। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में नदियों को साफ रखने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। ताकि दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक यमुना स्वच्छ और निर्मल होकर पहुंचे। समाज, संत और सरकार जब मिलकर आगे बढ़ते हैं, तब परिवर्तन निश्चित होता है। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि यमुना एक जीवनधारा हैं परन्तु अब वह संघर्षधारा में बदल रही हैं। यमुना तो श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की साक्षी रही है। आज प्रदूषण और प्लास्टिक के कारण संकट में हैं। दिल्ली, मथुरा, आगरा जैसे बड़े शहरों की अनियोजित जल निकासी, औद्योगिक कचरा और सिंगल यूज प्लास्टिक ने इसे गंभीर रूप से प्रदूषित कर दिया है। इस दौरान सभी ने यमुना पुनरुद्धार की दिशा में महाअभियान का आह्वान किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया।