देहरादून, 21 जून।पर्यटन नगरी मसूरी में स्थानीय व्यक्तियों के साथ मारपीट करने वाले दो अभियुक्तों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर कानून का सबक सिखाया है। इन युवकों ने सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करते हुए लड़कियों का पीछा किया और रोकने पर स्थानीय लोगों से मारपीट की थी।
यह घटना आज दोपहर 1 से 2 बजे के बीच कैंपटी टैक्सी स्टैंड के पास हुई। आशीष पंवार पुत्र आलम सिंह पंवार निवासी दिरा गांव, टिहरी गढ़वाल ने मसूरी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुछ पर्यटक युवक लड़कियों का पीछा कर उन्हें परेशान कर रहे थे। जब स्थानीय व्यक्तियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो युवकों ने उनके साथ लड़ाई-झगड़ा और मारपीट की।
शिकायत के आधार पर मसूरी कोतवाली ने तत्काल मु0अ0सं0: 23/25 धारा 118 (1), 75(3), 78(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अल्प समय में ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
- करण पुत्र टेकचंद, निवासी साकुड, जालंधर, पंजाब।
- मनीष कुमार पुत्र दिनेश कुमार, निवासी साकुड, जालंधर, पंजाब।
पुलिस ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की जानकारी जुटाई जा रही है और उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। दून पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग और स्थानीय लोगों के साथ दुर्व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।