देहरादून(आरएनएस)। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया है कि अपनी नाबालिग बेटी को अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ बार-बार दुष्कर्म के लिए मजबूर करने वाली भाजपा महिला नेत्री को जेल में सरकार की ओर से विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। इतना ही नहीं महिला नेत्री को कुछ दिन पूर्व जेल में योग दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित भी किया गया है। उन्होंने राज्य में बढ़ते महिला अपराधों और इनमें भाजपा नेताओं की संलिप्तता पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इन मामलों में राज्य सरकार की चुप्पी भी गंभीर विषय है। बुधवार को कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रौतेला ने कहा कि इतना कुछ होने के बाद भी भाजपा महिला नेत्री को जेल में सम्मानित किया जाना, शर्म का विषय है। इससे यह भी स्पष्ट हो गया है कि महिला नेत्री को जेल में वीआईपी सुविधाएं दी जा रही हैं। यह बात महिला नेत्री की सोशल मीडिया में वायरल ऑडियो क्लिप से भी साबित हो गई है, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्या जेल प्रशासन सभी कैदियों को इसी प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराता है कि वे अपने घर पर बात कर सकें? ज्योति रौतेला ने कहा कि एक ओर भाजपा यूसीसी कानून का गाना गा रही है, वहीं उसी की पार्टी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर प्रकरण ने भाजपा के झूठ और नैतिकता की पोल खोल कर रख दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की ओर से यूसीसी कानून की खुलेआम अवमानना ही नहीं की गई, बल्कि महिला के सामाजिक सम्मान के साथ राजनीतिक खिलवाड़ किया गया। जिस पर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व की ओर से महज नोटिस देने की कार्रवाई की गई। रौतेला ने कहा कि एनसीआरबी की एक रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड में वर्ष 2022 में महिलाओं के खिलाफ 4,337 अपराध दर्ज हुए हैं। ज्योति ने कहा कि महिला अपराध की घटनाओं पर प्रदेश महिला कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी, इसके खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाई जाएगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान, आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, चन्द्रकला नेगी, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, प्रदेश महासचिव अनुराधा तिवारी, प्रदेश सचिव सुशीला शर्मा उपस्थित रहीं।