रैली निकाल प्लास्टिक उन्मूलन के प्रति किया जागरूक

ऋषिकेश(आरएनएस)।  नगर निगम ऋषिकेश की ओर से मंगलवार को स्वच्छ सुंदर ऋषिकेश कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के स्वयंसेवियों ने रैली निकालकर क्षेत्रवासियों को प्लास्टिक उन्मूलन के प्रति जागरूक किया। मंगलवार को त्रिवेणीघाट पर नगर निगम ऋषिकेश के तत्वावधान में स्वच्छ सुंदर ऋषिकेश तथा सिंगल यूज्ड प्लास्टिक मुक्त शहर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल, हैप्पी होम मॉन्टेसरी पब्लिक स्कूल, नीरजा देवभूमि ट्रस्ट सहित कई सामाजिक संस्थाओं के स्वयं सेवियों ने प्रतिभाग किया। सहायक नगर आयुक्त अमन कुमार ने कहा कि प्लास्टिक एक अभिशाप है, जो पर्यावरण को निरंतर हानि पहुंचा रही है। हमें सिंगल यूज पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करना चाहिए। यह कैंसर जैसी महामारी को बढ़ावा देती है। यदि हम अभी भी सतर्क नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ी हमें कभी भी माफ नहीं करेगी। प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग हमें सीमित संसाधनों में करना चाहिए और पर्यावरण की रक्षा के लिए पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करना चाहिए। प्लास्टिक हमारे जल, जंगल, जमीन को निरंतर बंजर करती जा रही है। इसको दूर रखने के लिए जन जागरण की आवश्यकता है। स्वच्छता चैंपियन प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने कहा कि यदि हमें स्वस्थ रहना है तो प्लास्टिक मुक्त समाज की स्थापना करनी होगी। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य अंडर-14 हॉकी खिलाड़ी मास्टर अंकुर गुप्ता और पॉवर लिफ्टिंग गोल्ड मेडलिस्ट कुमारी मुस्कान जिनवाल का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और उन्हें प्लास्टिक मुक्त ऋषिकेश शहर के प्रचार-प्रसार के लिए युवा प्रहरी के रूप मे मनोनीत किया गया। इस दौरान गंगा तट किनारे रैली निकाल लोगों को प्लास्टिक उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया और संकल्प भी दिलाया गया। मौके पर स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नीरजा गोयल, मनोज कुमार गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता,आचार्य मनुश्री, गुरमीत सिंह, नूपुर गोयल आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here