देहरादून, 22 जून 2025: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के कार्यकारी अध्यक्ष, माननीय न्यायमूर्ति मनोज तिवारी के दिशा-निर्देशन में, आज देहरादून में एक भव्य स्वच्छता अभियान और रैली का आयोजन किया गया। यह अभियान सुबह 7:00 बजे नवनिर्मित जिला न्यायालय भवन, देहरादून से शुरू हुआ और तीन घंटे तक चला।
स्वच्छता अभियान और रैली का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश, देहरादून, मदन राम द्वारा शपथ ग्रहण के साथ किया गया। इसके उपरांत, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून, सीमा डुंगराकोटी, अन्य सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण, उपजिलाधिकारी सदर, देहरादून हरि गिरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून मनोज शर्मा, स्वास्थ्य नगर अधिकारी अविनाश खन्ना, बार अध्यक्ष, देहरादून मनमोहन कंडवाल, और व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसून ने रैली को आगे बढ़ाया।
यह रैली नवनिर्मित जिला न्यायालय भवन से शुरू होकर प्रिंस चौक, तहसील चौक, घंटाघर, पलटन बाजार से होते हुए कोतवाली नगर थाने तक पहुंची। अभियान के दौरान व्यापार मंडल संघ द्वारा कई स्थानों पर डस्टबिन और कूड़ादान वितरित किए गए। रैली में जी.जी.आई.सी. राजपुर रोड, देहरादून की एन.सी.सी. छात्राओं और उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।

इस अभियान में समस्त न्यायिक अधिकारीगण व कर्मचारीगण, प्रशासनिक अधिकारीगण, बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल संगठन, विभिन्न एन.जी.ओ., किसान यूनियन, महाकाल सेवा समिति, अंतरमन परिवार सोसाइटी, वेस्ट वॉरियर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्तागण, पराविधिक कार्यकर्तागण और कर्मचारीगण आदि ने सहयोग किया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और रास्ते में मिले समस्त कूड़ा-करकट व प्लास्टिक आदि को साफ कर इस अभियान को सफल बनाया। नगर निगम की टीम द्वारा एकत्रित कूड़े को वाहनों में रखा गया।
यह वृहद सफाई अभियान / श्रमदान अभियान व्यापक रूप से प्रदेश के विभिन्न विभागों द्वारा अपने स्तर से देहरादून जिले के मुख्यालय, तहसील, ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, ग्रामसभा, नगर पालिका, नगर निगम आदि प्रत्येक सार्वजनिक स्थलों पर आम जनता के साथ मिलकर चलाया गया।

अभियान के अंत में, माननीय प्रभारी अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मदन राम, और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीमा डुंगराकोटी ने इस अभियान में जुड़े समस्त सरकारी व गैर-सरकारी संगठनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस अभियान के माध्यम से “स्वच्छ दून सुंदर दून” के संकल्प को भविष्य में भी सार्थक बनाने हेतु सभी से सहयोग प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस प्रकार, यह अभियान सभी के सहयोग से सफल रहा।