देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से बूथ स्तर तक पार्टी कमेटियों के गठन में वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी और मार्गदर्शन को अनिवार्य किया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी श्री सुरेन्द्र शर्मा ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित देहरादून जिला, महानगर, महिला कांग्रेस और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की संयुक्त बैठक में यह निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला, महानगर, ब्लॉक और बूथ कांग्रेस कमेटियों के गठन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह व गणेश गोदियाल जैसे अनुभवी नेताओं का मार्गदर्शन लेना आवश्यक है। श्री शर्मा ने कहा कि इन वरिष्ठ नेताओं को बैठक में आमंत्रित करने से न केवल संगठन को दिशा मिलेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं का मनोबल भी ऊंचा होगा।
उन्होंने कहा कि हर बड़ा नेता, चाहे वह वर्तमान सांसद, विधायक हो या पूर्व प्रत्याशी, किसी न किसी बूथ का मतदाता होता है, इसलिए उनका फीडबैक और सहयोग संगठनात्मक मजबूती के लिए बेहद जरूरी है।
श्री शर्मा ने यह भी निर्देश दिए कि 30 जुलाई तक प्रदेश कांग्रेस और उसके सभी फ्रंटल संगठनों व प्रकोष्ठों का बूथ स्तर तक गठन अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए। इस दिशा में तेजी से काम हो और बैठकें नियमित हों।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) श्री सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि सह प्रभारी श्री शर्मा लगातार कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं और पार्टी संगठन से जुड़े किसी भी सुझाव को सकारात्मक रूप से सुना और लिया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निसंकोच होकर अपने सुझाव दें, संगठन उन्हें गंभीरता से लेगा।
इस बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता दिखाई।