मुख्यमंत्री के निर्देश पर लोकतंत्र सेनानी के द्वार पहुंचा प्रशासन, पेंशन समस्या के समाधान की प्रक्रिया शुरू

देहरादून, 26 जून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देश पर, देहरादून जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री और लोकतंत्र सेनानी, स्वर्गीय श्री मोहन सिंह रावत (गांववासी) की धर्मपत्नी, श्रीमती मुन्नी रावत की पेंशन संबंधी समस्या के समाधान के लिए पहल की है। प्रशासन की टीम गुरुवार को उनके बद्रीपुर स्थित निवास पर पहुंची और आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए।
यह कार्रवाई गत दिवस सेवासदन में आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद की गई है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए थे कि लोकतंत्र सेनानियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर, अपर जिलाधिकारी जय भारत के नेतृत्व में प्रशासन की टीम श्रीमती मुन्नी रावत से मिली और उनकी पेंशन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी और दस्तावेज संकलित किए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप, उनकी पेंशन समस्या का जल्द ही समाधान होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने आपातकाल के दौरान भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले लोकतंत्र सेनानियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शासन स्तर पर नोडल अधिकारी भी नामित किए हैं। जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए लोकतंत्र सेनानियों के कल्याण और हितों के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here